नाग पंचमी पर इसरौली में खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दम, लंबी कूद में बरखा और अखिलेश रहे अव्वल
सुल्तानपुर नागपंचमी के पावन अवसर पर कुड़वार विकासखंड के इसरौली ग्राम पंचायत में सोमवार को लंबी कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पंचायत भवन परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में गांव के बालक-बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।प्रतियोगिता का शुभारंभ इसौली विधायक मोहम्मद ताहिर खान ने फीता काटकर किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी मेहनत कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।लंबी कूद प्रतियोगिता के बालक वर्ग में अखिलेश कुमार ने बालिका वर्ग में बरखा शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें पुरस्कार स्वरूप साइकिल प्रदान की गई। वहीं अमन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें पंखा पुरस्कार के रूप में दिया गया। तृतीय स्थान पर रहे आकाश को पानी की टंकी देकर सम्मानित किया गया। बालिका वर्ग में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बरखा ने प्रथम स्थान, शालिनी ने द्वितीय स्थान तथा कंचन ने तृतीय क्रमशः साइकिल, पंखा एवं पानी की टंकी पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। पुरस्कार पाकर विजेता प्रतिभागियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार मौर्य के संयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।इस अवसर पर इसौली विधायक मोहम्मद ताहिर खान ने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं। प्रतिभा और योग्यता के बल पर युवा अपने क्षेत्र के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।कार्यक्रम का संचालन दयाराम अग्रहरि ने किया। आयोजन को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
कोई टिप्पणी नहीं