यूपी विधानसभा मानसून सत्र का दूसरा दिन आज, योगी सरकार पेश करेगी अनुपूरक बजट
लखनऊ यूपी विधानसभा के मानसून सत्र का मंगलवार को दूसरा दिन है। आज योगी आदित्यनाथ सरकार वित्तीय वर्ष के लिए अनुपूरक (सप्लीमेंट्री) बजट पेश करेगी। सरकार का कहना है कि यह बजट प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं को गति देने के साथ-साथ जनहित की नई आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सरकार पर बजट को लेकर सवाल उठाए हैं।सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। विपक्ष ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जवाबदेही की मांग की।सत्र के पहले दिन सदन में देश के सबसे उम्रदराज विधायक एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आलमबदी के निधन पर शोक प्रस्ताव रखा गया। दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने पर पहली बार विधानसभा में पूरे "वंदे मातरम्" का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि "वंदे मातरम् भारत के यशगान, संस्कृति, संस्कार और गरिमा का प्रतीक है। सभी को इसके मूल मंत्र और उद्देश्य को समझना चाहिए।आज पेश होने वाले अनुपूरक बजट को लेकर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह बजट प्रदेश के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनुपूरक बजट का उद्देश्य चल रही योजनाओं को समय पर पूरा करना तथा जहां आवश्यकता हो वहां जनहित के जरूरी कार्यों के लिए अतिरिक्त धन उपलब्ध कराना है।वहीं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार हर साल अनुपूरक बजट तो लाती है।लेकिन उसका 30 प्रतिशत भी खर्च नहीं कर पाती। उन्होंने आरोप लगाया कि "यह सरकार चंदा चोर, चढ़ावा चोर और बजट चोर है।अब सभी की नजरें विधानसभा में पेश होने वाले अनुपूरक बजट पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इसमें विभिन्न विभागों की चल रही परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त वित्तीय प्रावधान किए जा सकते हैं। विपक्ष बजट पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।जबकि सरकार इसे प्रदेश के विकास को नई गति देने वाला बजट बता रही है।

कोई टिप्पणी नहीं