सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज के गेट पर मरीज लेकर पहुंची एंबुलेंस में लगी आग, अफरा-तफरी के बीच मरीज सुरक्षित
सुल्तानपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज को लेकर पहुंची एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। घटना से मौके पर मौजूद मरीजों, तीमारदारों और मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रवेश करते ही धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सबसे पहले एंबुलेंस में मौजूद मरीज को तत्काल सुरक्षित बाहर निकालकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों और मेडिकल कॉलेज के स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि एंबुलेंस का अगला हिस्सा आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।प्रारंभिक आशंका है कि एंबुलेंस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के दौरान कुछ देर के लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन मरीज और स्टाफ की सतर्कता से बड़ा नुकसान टल गया।प्रशासन ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मरीज पूरी तरह सुरक्षित है और उसका उपचार जारी है।
कोई टिप्पणी नहीं