सुलतानपुर पुलिस अलर्ट, शहर में भारी पुलिस बल के साथ निकाला रूट मार्च
सुलतानपुर आगामी त्योहारों, श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सुलतानपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ कर दिया है। पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन में सोमवार को शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ रूट मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।रूट मार्च का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर राघवेन्द्र सिंह ने किया। उनके साथ प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सुरेश चन्द्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। रूट मार्च शास्त्रीनगर, घंटाघर, पंचरास्ता, डाकखाना चौराहा, तिकोनिया पार्क, दीवानी तिराहा, पर्यावरण पार्क होते हुए सीताकुंड तक निकाला गया।इस दौरान पुलिस टीम ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों तथा उनके सामान की गहन तलाशी ली गई। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ कार्य करने, प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।रूट मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं कांवड़ यात्रियों से संवाद स्थापित कर शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर देने का आग्रह किया।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा एवं आगामी त्योहारों के दौरान जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। इसके लिए लगातार पैदल गश्त, रूट मार्च, चेकिंग अभियान और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी जारी रहेगी, ताकि आमजन सुरक्षित वातावरण में अपने धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम संपन्न कर सकें।
कोई टिप्पणी नहीं