श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का SP ने लिया जायजा
सुलतानपुर आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने सोमवार को थाना कूरेभार एवं हलियापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कूरेभार कस्बा, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे तथा कूरेभार-हलियापुर मार्ग का भ्रमण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रियों के संभावित आवागमन मार्गों, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास के दौरान प्रत्येक महत्वपूर्ण स्थान पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।एसपी चारू निगम ने थाना प्रभारी कूरेभार सहित मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान नियमित गश्त, प्रभावी यातायात प्रबंधन, सघन चेकिंग, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए।उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुलतानपुर पुलिस श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनपदवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या आपातकालीन सेवा 112 पर दें।श्रावण मास को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है, जिससे कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।

कोई टिप्पणी नहीं