ब्रेकिंग न्यूज

कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम व बारावफात को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने दिए कड़े निर्देश


सुलतानपुर आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम और बारावफात को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रतिया ने कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों को लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रमुख शिवालयों और यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थलों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय रहते पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही चेहल्लुम और बारावफात के जुलूस मार्गों पर भी स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि श्रावण मास में जिले के प्रमुख शिवधामों और मार्गों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।डीएम ने बेलवाई धाम, शिवशंकर धाम, जनवारीनाथ धाम और सीताकुंड सहित सभी प्रमुख मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर नियमित सफाई, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय तथा आवश्यकता अनुसार विश्राम स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और सभी विभाग समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त दवाओं, मेडिकल टीमों और एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए एम्बुलेंस-112 और सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में एंटी-वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सीएचसी और पीएचसी पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी रखने तथा एसडीएम एवं सीओ को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा।नगर पालिका, नगर पंचायत और जिला पंचायत राज विभाग को स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित जांच, आबकारी विभाग को अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने, जिला पूर्ति विभाग को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा परिवहन एवं यातायात विभाग को सुचारु एवं सुरक्षित यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा और जुलूसों में इस्तेमाल होने वाले डीजे की ऊंचाई और चौड़ाई शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप ही रहे। उन्होंने सभी एसडीएम और क्षेत्राधिकारियों को अनुमति जारी करते समय मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही रूट डायवर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती तथा यात्रा के दौरान सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम और बारावफात को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं