होमगार्ड भर्ती के DVPST की तैयारियों का आईजी ने किया निरीक्षण,
सुल्तानपुर पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DVPST) की तैयारियों का अयोध्या रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (आईजी) सोमेन वर्मा ने पुलिस अधीक्षक चारू निगम की उपस्थिति में विस्तृत निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने भर्ती स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा पूरी प्रक्रिया की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान आईजी ने दस्तावेज सत्यापन कक्ष, शारीरिक मानक परीक्षण स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, सहायता केंद्र एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गोपनीयता का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।आईजी सोमेन वर्मा ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया शासन की मंशा के अनुरूप पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। किसी भी अभ्यर्थी को अनावश्यक परेशानी न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा प्रत्येक गतिविधि की प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने भी संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान भर्ती प्रक्रिया से जुड़े पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा का DVPST पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की कोई गुंजाइश नहीं रहने दी जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं