UP के BLO और सुपरवाइजरों को बड़ा तोहफा
लखनऊ यूपी में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में लगे बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और BLO सुपरवाइजरों को निर्वाचन विभाग ने बड़ी सौगात दी है। प्रदेश सरकार ने विशेष पुनरीक्षण कार्य में लगे प्रत्येक BLO और BLO सुपरवाइजर को 6,000 रुपये का एकमुश्त मानदेय देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने सभी जिलाधिकारी , जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (AERO) एवं संबंधित अधिकारियों को भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए हैं।जारी आदेश के अनुसार, निर्वाचन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पत्र संख्या 349/61-2026, दिनांक 09 जुलाई 2026 तथा भारत निर्वाचन आयोग के 03 जून 2026 के निर्देशों के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में कार्यरत प्रत्येक BLO और BLO सुपरवाइजर को उनके कार्य के लिए 6,000 रुपये का एकमुश्त मानदेय प्रदान किया जाएगा।अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपने पत्र में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मानदेय के भुगतान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और पात्र कर्मचारियों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए जिला स्तर पर आवश्यक कार्रवाई तत्काल पूरी करने को कहा गया है।निर्वाचन विभाग के इस फैसले से प्रदेशभर में विशेष पुनरीक्षण अभियान में कार्यरत हजारों BLO और BLO सुपरवाइजरों को आर्थिक प्रोत्साहन मिलेगा। लंबे समय से इन कर्मचारियों द्वारा अतिरिक्त कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि की मांग की जा रही थी। सरकार के इस निर्णय को उनके कार्य की सराहना और सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।निर्वाचन विभाग का मानना है कि इस आर्थिक प्रोत्साहन से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने में भी सहयोग मिलेगा।

कोई टिप्पणी नहीं