अलीगढ़-मसाज सेंटर की आड़ में चल रहा था गोरखधंधा, तीन महिलाएं समेत पांच गिरफ्तार
जनपद अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र स्थित व्यस्ततम किशनपुर तिराहे पर पुलिस ने मसाज सेंटर की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित अवैध और अनैतिक कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान सेंटर के मैनेजर सहित दो पुरुषों और तीन महिलाओं को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक और संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है।पुलिस के अनुसार, थाना क्वार्सी पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि किशनपुर तिराहे पर स्थित एक मसाज सेंटर में वैलनेस और ब्यूटी सेवाओं की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से सेंटर पर अचानक छापा मारा।छापेमारी के दौरान सेंटर में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में सेंटर का संचालन संभालने वाला कुनाल और एक अन्य स्टाफ कर्मी शामिल हैं। वहीं, तीन महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया है, जिनमें एक दिल्ली, एक मुरादाबाद और एक अलीगढ़ की निवासी बताई जा रही है।पुलिस जांच में सामने आया कि मसाज सेंटर का मालिक गाजियाबाद निवासी सोनू है, जबकि सेंटर का संचालन कुनाल के जिम्मे था। तलाशी के दौरान पुलिस को शक्तिवर्धक दवाइयों सहित कई संदिग्ध और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान का वैध आयुर्वेदिक मसाज या सामान्य वेलनेस सेवाओं से कोई संबंध प्रतीत नहीं होता।पूछताछ के दौरान मौके पर मिली तीनों महिलाएं सेंटर में अपनी मौजूदगी का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सकीं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही सेंटर पर पहले आने-जाने वाले ग्राहकों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि पुलिस को काफी समय से इस मसाज सेंटर के संबंध में शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं