ब्रेकिंग न्यूज

सुलतानपुर में प्रभारी मंत्री की विकास योजनाओं पर मैराथन समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी कार्य के दिए निर्देश


सुल्तानपुर जनपद के प्रभारी मंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने गुरुवार को जनपद के एकदिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद करौंदीकला विकासखंड के सहाबुद्दीनपुर गांव में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री के जनपद आगमन पर लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद भाजपा की कोर कमेटी एवं समन्वय समिति की बैठक हुई, जिसमें एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, विधायक विनोद सिंह, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और जिला 20वें स्थान से बढ़कर 9वें स्थान पर पहुंच गया है। इस पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों की सराहना करते हुए प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।बैठक में पं. दीनदयाल उपाध्याय सोलर लाइट योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और एकीकृत बागवानी मिशन में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर संतोष व्यक्त किया गया।

मंत्री ने निर्देश दिया कि सोलर लाइटों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा पीएम सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।विद्युत विभाग की समीक्षा में उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, गलत बिजली बिल जारी होने से रोकने और मीटर रीडिंग की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को किसान सम्मान निधि, फसल बीमा और अन्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाने को कहा। वहीं कृषि विकास कार्यों में शिथिलता मिलने पर उपनिदेशक कृषि के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया।प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वास्थ्य विभाग, पंचायतीराज, वन विभाग, बेसिक शिक्षा, पशुधन, लोक निर्माण, श्रम एवं उद्योग विभाग की भी विस्तार से समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ हो तथा अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।बैठक के बाद करौंदीकला विकासखंड के ग्राम पंचायत सहाबुद्दीनपुर में जनचौपाल का आयोजन किया गया। यहां प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी भाग लिया।जनचौपाल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय योजना के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। कृषि विभाग द्वारा किसानों को निःशुल्क मिनी किट वितरित की गई, जबकि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत लाभार्थियों को डेमो चेक प्रदान किए गए।कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरे कराए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं