ब्रेकिंग न्यूज

लखनऊ के जवाहर भवन में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर


यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित जवाहर भवन में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग भवन की चौथी मंजिल पर सुबह करीब 9:40 बजे लगी। देखते ही देखते धुएं का गुबार पूरे फ्लोर में फैल गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौथी मंजिल से तेज धुआं और आग की लपटें उठती देख कर्मचारियों ने तत्काल भवन खाली करना शुरू कर दिया। घटना की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को दी गई।सूचना मिलते ही करीब 10 बजे दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर भवन के आसपास का क्षेत्र खाली करा दिया है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।प्रशासन ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की जांच कराने की बात कही है। घटना के चलते जवाहर भवन में कुछ समय के लिए कार्यालयी कार्य प्रभावित रहा।फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं