साइबर थाना सुलतानपुर की बड़ी सफलता: ठगी के शिकार युवक को वापस मिले ₹1.27 लाख
सुल्तानपुर जनपद के साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में सराहनीय कार्रवाई करते हुए पीड़ित को उसकी पूरी 1,27,000 रुपये की ठगी गई रकम वापस दिलाई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बैंक से समन्वय के चलते जालसाज के खाते फ्रीज कराए गए, जिसके बाद पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक एवं वर्तमान नोडल अधिकारी बृजनरायण सिंह तथा क्षेत्राधिकारी साइबर थाना राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना के नेतृत्व में साइबर टीम ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार कन्नौजिया पुत्र राम सिंह कन्नौजिया, निवासी ग्राम बहादुरपुर, थाना कोतवाली नगर, के साथ 27 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 के बीच साइबर जालसाजों ने 1,27,000 रुपये की धोखाधड़ी की थी। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलते ही साइबर थाना पुलिस ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंक और अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर जालसाज के बैंक खातों को तत्काल फ्रीज कराया। आवश्यक पत्राचार और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैंक ने पूरी 1.27 लाख रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कर दी।
साइबर थाना की अपील
साइबर थाना सुलतानपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके साथ किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही साइबर क्राइम थाना सुलतानपुर के मोबाइल नंबर 9454401121 पर भी संपर्क कर सकते हैं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

कोई टिप्पणी नहीं