ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 477 जोड़ों का हुआ विवाह, नवदंपत्तियों को मिली आर्थिक सहायता व गृहस्थी का सामान


सुल्तानपुर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को जिले में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 477 जोड़ों का विधिवत विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने बताया कि समारोह में कादीपुर और लंभुआ क्षेत्र के नवविवाहित जोड़ों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि प्रदेश की हर बेटी का सम्मानपूर्वक विवाह हो और उसे नए जीवन की शुरुआत के लिए आर्थिक संबल भी मिले।विधायक के अनुसार, इस आयोजन में कादीपुर विधानसभा क्षेत्र के चारों विकासखंडों से 163 जोड़े, लंभुआ क्षेत्र से 153 जोड़े तथा अल्पसंख्यक (मुस्लिम) समुदाय के 6 जोड़े शामिल हुए। योजना का लाभ केवल उन्हीं पात्र लाभार्थियों को दिया गया, जिनका समाज कल्याण विभाग द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण एवं सत्यापन किया गया था।उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित वधू के बैंक खाते में ₹64,000 की धनराशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है। इसके अलावा ₹21,000 मूल्य की गृहस्थी सामग्री भी नवदंपत्तियों को उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत सुगमता से कर सकें।समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन के पहले चरण में 477 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिनमें 471 हिंदू तथा 6 मुस्लिम समुदाय के जोड़े शामिल रहे।विभाग के अनुसार जनपद के लिए शासन द्वारा 854 जोड़ों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान पात्र लाभार्थियों की संख्या अधिक मिलने पर जिलाधिकारी ने लक्ष्य बढ़ाकर 1,074 करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में परिजनों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।

कोई टिप्पणी नहीं