ब्रेकिंग न्यूज

सुलतानपुर में ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान: ड्रंकन ड्राइविंग समेत 422 वाहनों के चालान


सुल्तानपुर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए  यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस ने शासन के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान ड्रंकन ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न/हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट और अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह के निकट पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक यातायात, संबंधित थानों की पुलिस टीम एवं सीसी टीम द्वारा जनपद के विभिन्न टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।अभियान के तहत अब तक ड्रंकन ड्राइविंग के 52, मॉडिफाइड साइलेंसर के 42, प्रेशर हॉर्न एवं हूटर के 71, फाल्टी नंबर प्लेट के 192 तथा अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने के 65 मामलों सहित कुल 422 वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। इन चालानों के माध्यम से 27,54,810 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।यातायात निदेशालय के निर्देशानुसार सप्ताहांत (शनिवार एवं रविवार) को रात 8 बजे से 11 बजे तक विशेष ड्रंकन ड्राइविंग अभियान चलाया गया।

इसके तहत थाना चांदा के बैतीकला, कूरेभार के मुजेश, जयसिंहपुर के सेमरी एवं पीढ़ी टोल प्लाजा सहित अन्य स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई। टोल प्लाजा पर वाहनों की गति धीमी होने का लाभ उठाकर प्रभावी चेकिंग की गई।  अभियान के दौरान पुलिस ने केवल कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाने के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया। परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से हालचाल पूछकर उनकी समस्याएं भी जानी गईं। साथ ही सीट बेल्ट और हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर भी यातायात जागरूकता अभियान चलाते हुए विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई की गई।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं