मण्डलायुक्त ने निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्पलेक्स का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
सुल्तानपुर अयोध्या मंडल के मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद द्वारा जीआईसी के पीछे निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राकेश सिंह भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया और कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। कार्यदायी संस्था यूनिट-44 सी एंड डीएस, उत्तर प्रदेश जल निगम, अयोध्या के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की मूल स्वीकृत लागत 1000.41 लाख रुपये तथा एएंडओई मद में 10.0041 लाख रुपये है। निर्माण कार्य जून 2025 में शुरू हुआ था।अधिकारियों ने बताया कि कॉम्पलेक्स में स्टिल्ट फ्लोर, चार पहिया वाहन पार्किंग, प्रथम तल पर 22 दुकानें, द्वितीय तल पर 23 दुकानें, 88 चार पहिया और 71 दो पहिया वाहनों की पार्किंग, गार्ड रूम, गेट, बोरिंग, बाउंड्रीवाल, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, ड्रेन, पार्किंग पाथ-वे, हार्टिकल्चर, तीन आरओ युक्त वाटर कूलर, सोलर सिस्टम, फायर फाइटिंग व्यवस्था तथा बाह्य विद्युतीकरण सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।कार्यदायी संस्था के अनुसार भवन का स्ट्रक्चर, चिनाई, प्लास्टर और टाइल्स फ्लोरिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि फायर फाइटिंग, पेंटिंग, एसीपी, बाउंड्रीवाल तथा बाह्य स्थल विकास का कार्य तेजी से चल रहा है। संस्था ने समय पर निर्माण पूरा कर भवन हस्तांतरित करने का भरोसा भी दिया।मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद दुकानों का आवंटन पूरी पारदर्शिता के साथ ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवंटन निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से हो सके।

कोई टिप्पणी नहीं