12 जुलाई को सुलतानपुर में लगेगा 53.15 लाख पौधों का महाअभियान, मंडलायुक्त ने तैयारियों की समीक्षा की
सुल्तानपुर आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान 2026-27 'एक पेड़ माँ के नाम' कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त अयोध्या मंडल एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, संयुक्त विकास आयुक्त राजेश कुमार तथा मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा लक्ष्य के अनुरूप स्थलों के चिन्हांकन, गड्ढा खुदाई, नर्सरियों से पौधों के उठान, जनप्रतिनिधियों के पौधरोपण स्थलों के चयन तथा समृद्धि वन, कपिवन, ऊर्जा वन, समरस वन, ग्राम वन, नंदन वन, आयुष वन, नक्षत्र वन, पंचवटी, शक्ति वन और हरिशंकरी जैसे विशेष थीम आधारित वनों की तैयारियों की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि शासन द्वारा सुलतानपुर जनपद के लिए 53 लाख 15 हजार 700 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक विभिन्न विभागों द्वारा नर्सरियों से 97 प्रतिशत पौधों का उठान किया जा चुका है। वृक्षारोपण कार्यक्रम 12 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा।मंडलायुक्त राजेश कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वृक्षारोपण से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने पौधरोपण के बाद प्रत्येक पौधे की जियो टैगिंग अनिवार्य रूप से कराने तथा इसके लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर अगले ही दिन शत-प्रतिशत जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी वन प्रभाग सहित वन विभाग, ग्राम विकास, गृह, उद्यान, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को समय पर पौधों का उठान सुनिश्चित करने तथा शासन की गाइडलाइन के अनुरूप व्यापक जनसहभागिता के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, नेहरू युवा केंद्र, स्वयंसेवी संगठनों तथा एफपीओ की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और उन्हें जीवित रखना भी सभी विभागों की जिम्मेदारी है। इसके लिए ट्री-गार्ड और तारबाड़ जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के सभी अधिकारी मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं