सूर्य घर योजना में उत्तर प्रदेश ने रचा नया इतिहास, 7 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित
लखनऊ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में अब तक सात लाख से अधिक आवासीय रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश, गुजरात के बाद देश में आवासीय रूफटॉप सोलर इंस्टालेशन के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि राज्य में आवासीय रूफटॉप सोलर संयंत्रों की कुल क्षमता अब 2000 मेगावाट से अधिक हो चुकी है। योजना के तहत बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर बिजली का उत्पादन कर रहे हैं और कई परिवारों को बिजली बिल से राहत मिलने के साथ मुफ्त बिजली का लाभ भी मिल रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना न केवल स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है, बल्कि प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूत कर रही है। इससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।ऊर्जा मंत्री के अनुसार उत्तर प्रदेश सोलर ऊर्जा से जुड़े उद्योगों का भी तेजी से केंद्र बन रहा है। प्रदेश में सोलर मॉड्यूल एवं डीसीआर पैनल निर्माण, इन्वर्टर निर्माण, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस), पीयर-टू-पीयर ऊर्जा व्यापार, डिजिटल ऊर्जा प्लेटफॉर्म, ऊर्जा परामर्श सेवाओं तथा संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) जैसे क्षेत्रों में लगातार निवेश बढ़ रहा है।उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में हो रहे निवेश से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं तथा हरित औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़कर बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाना और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को जन-जन तक पहुंचाना है।ऊर्जा विभाग का मानना है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आने वाले समय में प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। इसके माध्यम से आम नागरिकों को सस्ती एवं स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं