ब्रेकिंग न्यूज

सीएम योगी आज देंगे शिक्षकों को बड़ी सौगात, 12 लाख शिक्षकों व परिजनों को मिलेगी 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा


लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी से प्रदेश के शिक्षकों और उनके परिजनों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना के लागू होने के साथ ही प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।इस योजना का उद्देश्य शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों को बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारी या आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में आर्थिक बोझ कम हो सके। योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में पात्र लाभार्थियों को नकद भुगतान किए बिना इलाज की सुविधा मिलेगी।सरकार ने इस योजना का दायरा केवल नियमित शिक्षकों तक सीमित नहीं रखा है। इसमें शिक्षामित्र, अनुदेशक, मध्याह्न भोजन योजना के रसोइया तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पात्र कार्मिकों को भी शामिल किया गया है। इससे बड़ी संख्या में शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी।राज्य सरकार का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ शिक्षकों के सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा तंत्र को भी सुदृढ़ करना उसकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।योजना के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री वाराणसी से प्रदेशभर के शिक्षकों को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही योजना की विस्तृत कार्यप्रणाली, पात्रता, अस्पतालों में उपचार की प्रक्रिया तथा लाभ प्राप्त करने की व्यवस्था की भी जानकारी दी जाएगी।शिक्षक संगठनों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। योजना के लागू होने से लाखों शिक्षक परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिलने की उम्मीद है।

कोई टिप्पणी नहीं