बंगाल से PM मोदी जारी करेंगे PM किसान की 23वीं किस्त
लखनऊ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल से देशभर के किसानों के खातों में 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से 4352.40 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।राज्य सरकार के अनुसार, पीएम-किसान योजना के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों को अब तक 22 किस्तों में कुल 99,032.58 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो चुकी है। शनिवार को जारी होने वाली 23वीं किस्त के बाद प्रदेश के किसानों को मिली कुल सहायता राशि बढ़कर 1,03,391.24 करोड़ रुपये हो जाएगी।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि कार्यों और अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।

कोई टिप्पणी नहीं