Easy Recovery ऐप का दुरुपयोग कर रंगदारी वसूलने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
सुल्तानपुर जिले के थाना अखंड नगर पुलिस ने वाहन मालिकों को डराकर और धमकाकर अवैध वसूली करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वसूली गई ₹2,000 की नकदी भी बरामद की है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि 18 जून को नीरज कुमार पुत्र स्वर्गीय जगदीश प्रसाद, निवासी ग्राम जोनापुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकर नगर ने थाना अखंड नगर में एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके वाहन को, जिसे उनका चालक लेकर जा रहा था, कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने वाहन की किस्त जमा न होने का हवाला देते हुए चालक को डराया-धमकाया और उससे पैसे वसूल लिए।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सिंह पुत्र सुभाष सिंह उर्फ पप्पू सिंह, निवासी जमौटा, थाना पवई, जनपद आजमगढ़ तथा सौरभ उर्फ गोलू गिरी पुत्र स्वर्गीय सुनील गिरी, निवासी बेलवाई, थाना अखंड नगर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य उन वाहनों की जानकारी जुटाते थे जिनकी ऋण किस्तें समय पर जमा नहीं हो पाती थीं। इसके लिए वे "Easy Recovery 2.0" नामक ऐप का उपयोग कर ऐसे वाहनों का डाटा एकत्र करते थे।इसके बाद आरोपी वाहनों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें रास्ते में रोक लेते थे। स्वयं को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर वाहन मालिकों या चालकों को वाहन सीज कराने और कानूनी कार्रवाई की धमकी देते थे। डर और दबाव बनाकर मौके पर ही उनसे पैसे वसूल लेते थे।एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच में उनके खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। साथ ही अन्य जनपदों से भी इसी प्रकार की शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस गिरोह के फरार दो अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना कर चुकी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से ₹2,000 नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं