वृद्धजनों और निराश्रित महिलाओं के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला, पेंशन बढ़ाकर ₹1,500 प्रतिमाह
लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के वृद्धजनों और निराश्रित महिलाओं के सम्मानपूर्ण एवं सुरक्षित जीवन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने वृद्धजन और निराश्रित महिलाओं को अब ₹1,500 प्रतिमाह पेंशन देने का फैसला किया है।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करना है, ताकि वे आत्मसम्मान के साथ जीवनयापन कर सकें। इस निर्णय से लाखों लाभार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी।इसके साथ ही निराश्रित महिलाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए उन्हें आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से जोड़ा जाएगा। इससे महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। प्रदेश सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि पात्र निराश्रित महिलाओं को आवास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ भी दिया जाएगा।प्रदेश सरकार का मानना है कि पेंशन, स्वास्थ्य सुरक्षा और आवास जैसी योजनाओं के समन्वित लाभ से वृद्धजन और निराश्रित महिलाओं का जीवन स्तर बेहतर होगा तथा उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्राप्त होगी। यह पहल समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं