ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर में प्रतापगढ़ के युवक को रास्ते में रोककर मारपीट, नकदी व सामान लूटने का आरोप; दो आरोपी चिन्हित


सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र में एक युवक और उसके रिश्तेदार के साथ कथित तौर पर मारपीट, अभद्रता और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कुछ दबंगों ने उन्हें रास्ते में रोककर जबरन ‘जय श्री राम’ के नारे लगवाए, इसके बाद भी उनकी पिटाई की और नकदी व सामान छीन लिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।कोतवाली चांदा में दी गई तहरीर के अनुसार, प्रतापगढ़ जनपद के थाना देवसरा क्षेत्र के रायगंज निवासी आफताब आलम पुत्र मोहम्मद जमील अपने रिश्तेदार मोहम्मद जीशान (निवासी दोस्तपुर, सुल्तानपुर) के साथ सुल्तानपुर आए हुए थे। आरोप है कि कुछ दिन पहले दोनों ढकवा बाजार की ओर सामान लेने जा रहे थे, तभी रास्ते में पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।पीड़ित ने वायरल वीडियो और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर सक्षम पांडेय, कमल, चंदन और सूरज राजा समेत तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों को घटना में शामिल बताया है।आफताब आलम का आरोप है कि आरोपियों ने उन पर और उनके रिश्तेदार पर जबरन ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने का दबाव बनाया। भयवश दोनों ने नारा लगा दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें लगातार अपमानित किया और बेरहमी से पीटा।तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने आफताब आलम के पास मौजूद एक ड्रिल मशीन और 25 हजार रुपये नकद भी छीन लिए। आरोप है कि पूरी घटना का वीडियो भी आरोपियों ने स्वयं बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि घटना के बारे में किसी को बताया तो जान से मार देंगे।पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद वह काफी भयभीत और सदमे में था, जिससे उसकी तबीयत भी खराब हो गई। 11 जून को परिजनों को घटना की जानकारी मिलने और सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद उसने हिम्मत जुटाकर चांदा कोतवाली पहुंचकर नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी।मामले पर क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो, जिसमें कुछ व्यक्तियों द्वारा दूसरे समुदाय के लोगों के साथ मारपीट और अनुचित व्यवहार किया जा रहा है, पुलिस के संज्ञान में आया था।उन्होंने बताया कि जांच में वीडियो थाना चांदा क्षेत्र के परमापुर गांव का पाया गया है। पुलिस ने मामले में दो लोगों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है।सीओ लंभुआ ने कहा कि आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं