ब्रेकिंग न्यूज

सुलतानपुर में दो सगी बहनों से छेड़खानी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा और चोरी की बाइक बरामद


सुलतानपुर जिले के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में दो सगी बहनों से छेड़खानी के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 10/11 जून की रात करीब 2:15 बजे थाना कोतवाली नगर को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति हवाई पट्टी के पास मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जनपदीय एसओजी टीम और थाना कोतवाली नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी मोहम्मद आसिफ (27 वर्ष) पुत्र इश्तियाक अहमद निवासी शास्त्री नगर, थाना कोतवाली नगर घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल हिरासत में लेकर जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई। जांच में यह भी सामने आया कि 9 जून को दो सगी बहनें घर लौट रही थीं। रास्ते में एक सुनसान इलाके में बिजली गुल होने का फायदा उठाकर आरोपी ने दोनों बहनों के साथ छेड़खानी की थी। इस मामले में थाना कोतवाली नगर में पहले से मुकदमा दर्ज है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद बाइक के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं