तीन तलाक और एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं को मिलेगा पक्का घर, स्वास्थ्य बीमा का भी लाभ: योगी सरकार का बड़ा फैसला
लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार तीन तलाक और एसिड अटैक जैसी सामाजिक त्रासदियों से प्रभावित महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ऐसी महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ भी दिया जाएगा।महिला कल्याण विभाग ने तीन तलाक और एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं के साथ-साथ निराश्रित महिलाओं का विस्तृत एवं सत्यापित डाटा एकत्रित करना शुरू कर दिया है। विभाग जल्द ही शासनादेश जारी कर इन सभी पात्र महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू करेगा।हाल ही में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जिन महिलाओं ने तीन तलाक या एसिड अटैक जैसी गंभीर सामाजिक परिस्थितियों का सामना किया है और जिनके पास स्थायी आवास नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवास योजनाओं का लाभ दिया जाए। साथ ही इन महिलाओं और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य बीमा योजनाओं से भी जोड़ा जाए ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।महिला कल्याण विभाग अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र महिलाओं की सूची तैयार कर रहा है। विशेष रूप से एसिड अटैक पीड़िताओं को लंबे समय तक इलाज, सर्जरी और पुनर्वास की आवश्यकता होती है। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार उनके लिए स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करेगी।वहीं, तीन तलाक से प्रभावित महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और सम्मानजनक जीवन जी सकें।सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र महिला जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। महिला कल्याण विभाग जल्द ही शासनादेश जारी कर लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार करेगा और उन्हें आवास एवं स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू करेगा।इस पहल को महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में योगी सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं