ब्रेकिंग न्यूज

मामी कहकर बनाया भरोसा, सोने की चेन लेकर फरार हुआ ,पूरी वारदात CCTV में कैद


सुल्तानपुर जिले के कुड़वार बाजार में एक शातिर टप्पेबाज ने रिश्तेदार बनकर सेना के रिटायर्ड जवान की पत्नी को झांसे में लिया और उनकी सोने की चेन लेकर फरार हो गया। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरैयामाफी निवासी सेवानिवृत्त सैनिक श्रीकांत तिवारी अपनी पत्नी उषा तिवारी के साथ किसी कार्य से कुड़वार बाजार आए थे।

इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनके पास पहुंचा और उषा तिवारी को "मामी" कहकर संबोधित करते हुए बोला, "मामी नमस्ते, हमें पहचाना?" जब उषा तिवारी ने उसे पहचानने से इनकार किया तो उसने खुद को किसी परिचित परिवार का बेटा बताते हुए बातचीत शुरू कर दी।इसके बाद युवक ने श्रीकांत तिवारी को भी "मामा" कहकर नमस्ते किया। बताया जा रहा है कि सेवानिवृत्त सैनिक को सुनने में कुछ दिक्कत है। इसका फायदा उठाते हुए आरोपी उन्हें पान खिलाने के बहाने कुछ दूरी पर ले गया और वहां बातचीत में उलझा दिया।उधर, आरोपी वापस उषा तिवारी के पास पहुंचा और बोला कि "मामा जी सुनार की दुकान पर बैठे हैं। मैं एक नई चेन बनवा रहा हूं और उसी डिजाइन की चेन बनवाना चाहता हूं जैसी आपने पहन रखी है। मामा जी ने कहा है कि आपकी चेन दिखाकर तुरंत वापस कर दूं।"पहले तो उषा तिवारी ने चेन देने से इनकार किया और स्वयं साथ चलने की बात कही, लेकिन आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए भावनात्मक दबाव बनाया और कहा, "क्या आपको हम पर भरोसा नहीं है? बस दिखाकर अभी लौटाता हूं।"आरोपी की बातों में आकर उषा तिवारी ने अपने गले से सोने की चेन उतारकर उसे दे दी। चेन मिलते ही टप्पेबाज मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब श्रीकांत तिवारी वापस लौटे तो पत्नी ने उन्हें पूरी घटना बताई। यह सुनकर दोनों हैरान रह गए।घटना के बाद पीड़ित दंपति ने कुड़वार थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। वहीं सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो और जानकारी भी तेजी से वायरल हो रही है।क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामंत ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना के अनुसार 8 जून 2026 को श्रीकांत तिवारी और उनकी पत्नी उषा तिवारी कुड़वार कस्बे में आए थे। एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को रिश्तेदार बताते हुए उनसे संपर्क किया और विश्वास में लेकर महिला से चेन हासिल कर फरार हो गया।उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया है, जिसमें महिला स्वयं अपने गले से चेन निकालकर आरोपी को देती दिखाई दे रही हैं। आरोपी की पहचान और तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।सीओ नगर ने यह भी कहा कि फिलहाल थाने पर औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाजार, सार्वजनिक स्थानों या भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में किसी अज्ञात व्यक्ति की बातों में आकर अपने कीमती आभूषण, नकदी या अन्य सामान किसी को न सौंपें। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

कोई टिप्पणी नहीं