ब्रेकिंग न्यूज

पिलखिनी गांव में मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी


सुल्तानपुर थाना लम्भुआ क्षेत्र के ग्राम पिलखिनी में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।क्षेत्राधिकारी लम्भुआ रितिक कपूर ने बताया कि आज सुबह लगभग 8:15 बजे पुलिस को ग्राम पिलखिनी में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं अन्य अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।जांच के दौरान शव की पहचान विनय कुमार सिंह (50 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय जगन्नाथ सिंह, निवासी ग्राम अरैला, थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई। पुलिस द्वारा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक पिछले दो दिनों से अपने घरवालों के संपर्क में नहीं थे। शव पर कुछ स्पष्ट चोटों के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।पुलिस ने बताया कि मौके पर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है तथा फील्ड यूनिट को भी जांच के लिए बुलाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, जिससे मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।सीओ रितिक कपूर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं