ब्रेकिंग न्यूज

राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ ने जरूरतमंदों तक पहुंचाया भोजन, सेवा का निभाया मानवीय धर्म


सुल्तानपुर जिले की अग्रणी सामाजिक संस्था राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ ने  साप्ताहिक निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत 450 मरीजों, तीमारदारों, यात्रियों एवं जरूरतमंदों को स्वादिष्ट, गरम एवं ताजा भोजन वितरित किया ।संघ के अध्यक्ष मेराज अहमद खान के नेतृत्व में  देर शाम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में 315 मरीजों एवं उनकी देखभाल कर रहे अटेंडरों को निःशुल्क भोजन की थालियां वितरित की गईं।

वहीं रेलवे स्टेशन परिसर में वरिष्ठ टिकट निरीक्षक अनिल कुमार ने यात्रियों एवं जरूरतमंदों को भोजन की थालियां प्रदान कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।संघ के मार्गदर्शक निज़ाम खान ने बताया कि जनसहयोग एवं विभिन्न जनमाध्यमों के सहयोग से यह पुनीत कार्य प्रत्येक सप्ताह निरंतर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में अनेक मरीज और तीमारदार ऐसे होते हैं जो बीमारी के साथ-साथ आर्थिक कठिनाइयों का भी सामना कर रहे होते हैं। ऐसे समय में एक थाली भोजन केवल उनकी भूख ही नहीं मिटाती, बल्कि उन्हें यह विश्वास भी दिलाती है कि समाज उनके साथ खड़ा है।उन्होंने बताया कि मौसम को ध्यान में रखते हुए भोजन का मेन्यू निर्धारित किया जाता है, जिसमें अरहर की दाल, मौसमी सब्जी, रोटी एवं चावल शामिल किए जाते हैं।इस अवसर पर मेराज अहमद खान ने कहा कि जब कोई जरूरतमंद व्यक्ति सम्मानपूर्वक भोजन ग्रहण कर संतोष व्यक्त करता है, तो वही संस्था के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार होता है। संस्था का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद भूखा न रहे तथा समाज में सेवा, करुणा और भाईचारे की भावना लगातार मजबूत होती रहे।कार्यक्रम में सहयोग करने वालों में प्रमुख रूप से सुहेल सिद्दीकी, सरदार गुरप्रीत सिंह, राशिद खान, हाजी फैज उल्लाह अंसारी, गुलाम रब्बानी खान, सुल्तान महमूद, माता प्रसाद जायसवाल, बैजनाथ प्रजापति सहित अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं