ब्रेकिंग न्यूज

सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में 27वीं अन्तर-जनपदीय लखनऊ जोन वॉलीबॉल एवं सेपक टकरा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ


सुलतानपुर पुलिस अधीक्षक चारू निगम के कुशल निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन्स  में 27वीं अन्तर-जनपदीय (लखनऊ जोन) वॉलीबॉल (महिला/पुरुष) एवं सेपक टकरा प्रतियोगिता-2026 का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं उनका उत्साहवर्धन करते हुए किया।

गौरतलब है कि इस जोनल प्रतियोगिता की सचिव पुलिस अधीक्षक चारू निगम हैं तथा इसकी मेजबानी जनपद  पुलिस द्वारा की जा रही है। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के वार्षिक खेल कैलेंडर के अंतर्गत आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के कुल 09 जनपदों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में लगभग 110 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।प्रतियोगिता के सफल एवं समयबद्ध संचालन के लिए पुलिस लाइन्स परिसर में वॉलीबॉल एवं सेपक टकरा के लिए विशेष कोर्ट तैयार किए गए हैं। महिला एवं पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं आगामी तीन दिनों तक आयोजित की जाएंगी।जबकि प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा।उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से पुलिस कर्मियों के बीच खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है।जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।इस भव्य आयोजन ने जनपद को खेल गतिविधियों का केंद्र बना दिया है और आने वाले तीन दिनों तक रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं