योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, सुलतानपुर में हजारों लोगों ने लिया निरोग रहने का संकल्प
सुल्तानपुर 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “Yoga for Healthy Ageing” थीम के अंतर्गत जिले में विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम सीताकुण्ड स्थित पर्यावरण पार्क में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के नोडल अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह ने की।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर महर्षि पतंजलि एवं मां सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी तथा परियोजना निदेशक (डीआरडीए) ने अन्य अतिथियों का स्वागत किया।योगाभ्यास सत्र में मास्टर ट्रेनर सुनील दत्त तिवारी के नेतृत्व में योग प्रशिक्षक किशन विश्वकर्मा, दिव्या तिवारी एवं सर्वेश गुप्ता ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा नागरिकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिए गए संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना गया।
इसी क्रम में विकास खण्ड कूरेभार स्थित जनता इंटर कॉलेज परिसर में भी भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार एवं सदर विधायक राजबाबू उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी उपस्थित रहे।योग प्रशिक्षक संदीप तिवारी एवं योग सहायक अंकित कुमार ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में लगभग 1200 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया तथा प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा।इसके अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय, पुलिस लाइन, डायट, आर्ट ऑफ लिविंग, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में भी योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनपद की सभी तहसीलों, विकास खण्डों एवं ग्राम पंचायतों में उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खण्ड विकास अधिकारियों, ग्राम प्रधानों तथा अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में शासन के निर्देशानुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे जनपद में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा तथा लोगों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।



कोई टिप्पणी नहीं