योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, झांसी में सीएम योगी ने किया सामूहिक योगाभ्यास
लखनऊ 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को झांसी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में योगाभ्यास किया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ रखी गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरा विश्व योग की शक्ति को स्वीकार कर रहा है और इसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की प्राचीन परंपराओं, संस्कृति और विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा “हम सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने भारत की परंपराओं और विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने 140 करोड़ भारतीयों के लिए ऐसा विजन प्रस्तुत किया है, जिसके माध्यम से देशवासी गर्व के साथ विश्व में आगे बढ़ सकें और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार कर सकें।उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर वर्ष अलग-अलग राज्यों में जाकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में शामिल होते हैं और उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि इस वर्ष उन्हें झांसी की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में प्रदेशवासियों के साथ शामिल होने का अवसर मिला।मुख्यमंत्री ने लोगों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मदद मिलेगी।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झांसी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कोई टिप्पणी नहीं