ब्रेकिंग न्यूज

देश की तस्वीर ही नहीं, तकदीर भी बदली है: सुल्तानपुर में बोले प्रभारी मंत्री गिरीश चंद यादव


सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर सुलतानपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से मिलना चाहिए तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों की सबसे बड़ी ताकत जनता का अटूट विश्वास और सरकार का सेवा भाव रहा है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा जताया, वर्ष 2019 में पहले से भी बड़े बहुमत के साथ उस विश्वास को और मजबूत किया तथा वर्ष 2024 में लगातार तीसरी बार उन्हें चुनकर यह स्पष्ट संदेश दिया कि देश अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि कार्यों और परिणामों पर विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि इसी जनविश्वास के बल पर आज एनडीए देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है।प्रभारी मंत्री ने कहा कि लगातार तीसरी बार शपथ ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री ने सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर किए, जो यह दर्शाता है कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को केवल नारा नहीं रहने दिया, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप दिया है।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी का परिणाम है कि पिछले वर्षों में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। डिजिटल गवर्नेंस और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है।राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज देश की सीमाएं और आंतरिक सुरक्षा पहले से अधिक मजबूत हुई हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि नया भारत अपनी सुरक्षा के प्रति सजग और सक्षम है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति के कारण देश नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा रेड कॉरिडोर अब ग्रीन ग्रोथ जोन में परिवर्तित हो रहा है।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक राज बाबू उपाध्याय, विधायक सीताराम वर्मा, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारु निगम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं