ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर जनगणना में लापरवाही पड़ी भारी


सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय तहसील में जनगणना-2027 के काम में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। तहसीलदार/चार्ज अधिकारी तहसील बल्दीराय ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर सहायक अध्यापक इन्द्रजीत के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है। पत्र के अनुसार, कम्पोजिट विद्द्यालय भवानी शिवपुर में तैनात सहायक अध्यापक इन्द्रजीत को जनगणना के प्रथम चरण मकानसूचीकरण के लिए सुपरवाइजर सर्किल 42, HLB संख्या 251 पर नियुक्त किया गया था। आरोप है कि इन्द्रजीत बिना चार्ज अधिकारी या खंड शिक्षा अधिकारी को सूचना दिए और अपना आवंटित HLB का कार्य अधूरा छोड़कर स्वेच्छा से ड्यूटी स्थल से चले गए।तहसीलदार ने पत्र में लिखा कि उनके जाने से जनगणना कार्य बाधित हो रहा है और शासन की तय समय-सीमा प्रभावित हो रही है। इस कृत्य को जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 और उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली 1956 के खिलाफ बताते हुए इसे घोर अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही माना गया है। इस मामले की प्रतिलिपि अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी और उप जिलाधिकारी बल्दीराय को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। दिनांक 12.06.2026 को जारी इस पत्र के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा है। अधिकारियों का कहना है कि जनगणना जैसा राष्ट्रीय महत्व का कार्य किसी भी कीमत पर बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं