ब्रेकिंग न्यूज

केन्द्र सरकार के विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जन चौपाल का हुआ भव्य आयोजन


सुल्तानपुर केन्द्र सरकार के विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर  राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उ0प्र0 जनपद प्रभारी मंत्री  गिरीश चन्द्र यादव की अध्यक्षता में विकास खण्ड भदैया अन्तर्गत ग्राम पंचायत पन्ना टिकरी, तहसील लम्भुआ में जन चौपाल कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में  भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी,  विधायक लम्भुआ सीताराम वर्मा, जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, तहसील व खण्ड विकास स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।  कार्यक्रम के प्रारम्भ में  जनपद प्रभारी मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया ।

जबकि जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया । इस अवसर पर आयोजित जन चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से सम्बन्धित प्रदर्शनी एवं स्टॉलों का प्रभारी मंत्री ने अवलोकन किया। उन्होंने स्कूल चलो अभियान, पशुपालन विभाग, कृषि रक्षा विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायती राज विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शित योजनाओं एवं उत्पादों की जानकारी प्राप्त की।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर उन्होंने गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए लाभार्थियों को आशीर्वाद प्रदान किया।  जन चौपाल को सम्बोधित करते हुए  प्रभारी मंत्री  गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित किया जाए। साथ ही केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जनसामान्य को जागरूक बनाया जाए।  उन्होंने जनसामान्य से सीधा संवाद स्थापित कर विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा यह जाना कि किन योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है और किन योजनाओं का लाभ अभी तक नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास योजना के अवशेष पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत अवशेष पात्र लाभार्थियों को शौचालय उपलब्ध कराने तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के भी निर्देश दिए।उन्होंने उक्त ग्राम चौपाल में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अवशेष बचे पात्र लाभार्थियों तक अगले 15 दिनों में पहुंचाना सुनिश्चित करें और इससे हमें अवगत भी करायें। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत  आरती पत्नी शिवकुमार एवं  विजय कुमार पुत्र रामदत्त को आवास की चाबियां प्रदान की गईं। कृषि विभाग द्वारा  राम पियारे पाठक,  राकेश पाठक,  धर्मेन्द्र कुमार दुबे,  राजेश एवं श्री राजेन्द्र को वाजरा निःशुल्क मिनी किट वितरित की गई।मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत  उमेश कुमार वर्मा को 05 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु  जया,  सुमन,  माधुरी एवं  सोलन को 1.50-1.50 लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। इसी प्रकार मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अन्तर्गत  मनीष कुमार,  दिलीप कुमार,  रामपाल,  आकाश तथा  वीरेन्द्र को सहायता राशि के चेक वितरित कर लाभान्वित किया गया।     जन चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने तथा विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने का सफल प्रयास किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने सरकार की योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। प्रभारी मंत्री ने केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उक्त ग्राम चौपाल में उपस्थित लोगों से अब तक मिले लाभ के बारे में पूछा, उपस्थित लोगों द्वारा संतोष व्यक्त करते हुए केन्द्र व राज्य सरकार की सराहना व्यक्त की गयी। उन्होंने आंकड़ावार विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ के बारे में उपस्थित लोगों को अवगत कराया।   कार्यक्रम का समापन जनकल्याण एवं विकास के संकल्प के साथ हुआ। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाए, जिससे सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं