सीएम योगी का संदेश: वर्दी की गरिमा बनाए रखें, ड्यूटी पर रील नहीं
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी गंभीरता और सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसा कोई भी कार्य नहीं होना चाहिए जिससे पुलिस विभाग या सरकारी व्यवस्था अनावश्यक रूप से हास्य का विषय बने।लोक भवन में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूटमेंट के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस बल में अनुशासन, जिम्मेदारी और टीम भावना के महत्व पर जोर दिया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि आजकल अक्सर देखने को मिलता है कि कुछ लोग ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया के लिए रील बनाने में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने इसे अनुशासनहीनता करार देते हुए कहा कि ड्यूटी के समय पुलिसकर्मियों का पूरा ध्यान अपने कार्य पर होना चाहिए।उन्होंने कहा “हम लोग अक्सर देखते हैं कि ड्यूटी के दौरान बहुत सारे लोग रील बनाते रहते हैं। यह अनुशासनहीनता का एक हिस्सा है। उस समय हमें अपनी ड्यूटी के प्रति सजग रहना होगा, न कि रील बनाने में व्यस्त रहना होगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि किसी भी जिम्मेदारी को गरिमापूर्ण ढंग से निभाने के लिए उसके प्रति गंभीरता और सतर्कता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिस कार्य की जिम्मेदारी किसी व्यक्ति को दी गई है, उसे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करना चाहिए।उन्होंने कहा “हमें इस बात का ध्यान रखना है कि जिस कार्य को हमें करना है, उसके प्रति उतनी ही सतर्कता और गंभीरता भी होनी चाहिए। तभी वह कार्य गरिमापूर्ण तरीके से परिणाम दे पाएगा।मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों को आगाह करते हुए कहा कि उन्हें ऐसा कोई व्यवहार नहीं करना चाहिए जिससे उनकी छवि या विभाग की प्रतिष्ठा प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की कोशिश में कभी-कभी लोग ऐसी गतिविधियां कर बैठते हैं जो विभाग की गरिमा के अनुकूल नहीं होतीं। सीएम ने कहा कोई ऐसा कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे हमें अनावश्यक रूप से हंसी का पात्र बनना पड़े।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कई बार लोग बिना किसी ठोस कारण के व्यवस्था और सिस्टम पर सवाल उठाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाए तो परिणाम स्वतः सामने आएंगे और आलोचनाओं का जवाब भी मिल जाएगा।अपने आप कुछ कर नहीं सकते, लेकिन सिस्टम पर लोग उंगली उठाते हैं। जिसकी जहां ड्यूटी है, वह अपना कार्य पूरी निष्ठा से करेगा तो परिणाम अपने आप आएगा।मुख्यमंत्री योगी ने पुलिसकर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि बेहतर परिणाम तभी संभव हैं जब सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अनुशासन, समर्पण और सामूहिक प्रयास सबसे महत्वपूर्ण हैं।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में समय-समय पर पुलिसकर्मियों द्वारा ड्यूटी के दौरान रील बनाने और सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने के मामले सामने आते रहे हैं। कई बार इनमें सिपाहियों के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों के वीडियो भी चर्चा का विषय बने हैं। ऐसे मामलों को लेकर पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठते रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया गतिविधियों से दूर रहने और अपने कर्तव्यों पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की नसीहत दी है।

कोई टिप्पणी नहीं