ब्रेकिंग न्यूज

मायके में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, फंदे से लटका मिला शव; फॉरेंसिक जांच शुरू


सुल्तानपुर कुड़वार थाना क्षेत्र के धरावा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव कमरे के अंदर पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ताहिरा बानो (26 वर्ष) पत्नी शान बाबू, निवासी इसौली थाना बल्दीराय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ताहिरा अपने मायके ग्राम धरावा, थाना कुड़वार आई हुई थी। रविवार देर रात उसने अपने कमरे के अंदर पंखे के हुक में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना की जानकारी मिलते ही थाना कुड़वार पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र किए। प्रभारी निरीक्षक कुड़वार प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।क्षेत्राधिकारी सौरभ सावंत ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। उनके द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा फॉरेंसिक टीम की सहायता से सभी आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। पंचायतनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं