ब्रेकिंग न्यूज

सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में 27वीं अंतर-जनपदीय लखनऊ जोन वॉलीबॉल व सेपक टकरा प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन, कमिश्नरेट लखनऊ रहा चैंपियन


सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में आयोजित तीन दिवसीय 27वीं अंतर-जनपदीय लखनऊ जोन वॉलीबॉल (महिला/पुरुष) एवं सेपक टकरा प्रतियोगिता-2026 का रविवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन पुलिस अधीक्षक  चारू निगम के कुशल निर्देशन एवं सचिवत्व में किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश  सुनील कुमार चतुर्थ रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।पुलिस उप आयुक्त (मुख्यालय) एवं सचिव, जोनल खेलकूद समिति, लखनऊ जोन के निर्देशानुसार प्रतियोगिता का आयोजन 12 जून से 14 जून 2026 तक किया गया। प्रतियोगिता में लखनऊ जोन की कुल 9 टीमों के 115 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

तीन दिनों तक लीग-कम-नॉकआउट, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न हुए। सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन एवं खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कमिश्नरेट लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर चल बैजयन्ती शील्ड अपने नाम की। जनपद खीरी उपविजेता रहा, जबकि जनपद अयोध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।सेपक टकरा पुरुष वर्ग में भी कमिश्नरेट लखनऊ ने प्रथम स्थान हासिल किया। जनपद सीतापुर उपविजेता तथा मेजबान जनपद सुलतानपुर तृतीय स्थान पर रहा।सेपक टकरा महिला वर्ग में कमिश्नरेट लखनऊ ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। जनपद सुलतानपुर उपविजेता तथा जनपद बाराबंकी तृतीय स्थान पर रहा।व्यक्तिगत पुरस्कारों में वॉलीबॉल के सर्वोत्तम खिलाड़ी का सम्मान आरक्षी शक्ति यादव (कमिश्नरेट लखनऊ) को मिला। सेपक टकरा पुरुष वर्ग में मुख्य आरक्षी आदित्य नेगी तथा महिला वर्ग में महिला मुख्य आरक्षी रिंकी पटेल (दोनों कमिश्नरेट लखनऊ) को सर्वोत्तम खिलाड़ी घोषित किया गया।समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक मंडल एवं आयोजन समिति की भूमिका सराहनीय रही।

कोई टिप्पणी नहीं