नीट यूजी 2026 अभ्यर्थियों को बड़ी राहत: यूपी रोडवेज बसों में 20-21 जून को मिलेगा 50% किराया छूट
लखनऊ नीट यूजी 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने 20 और 21 जून को परीक्षार्थियों को रोडवेज बसों के किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में निगम मुख्यालय की ओर से सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।UPSRTC के प्रबंध निदेशक ने बताया कि रियायती यात्रा सुविधा का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को बस में यात्रा करते समय अपना नीट यूजी 2026 का प्रवेश पत्र दिखाना होगा। प्रवेश पत्र का सत्यापन होने के बाद परिचालक इलेक्ट्रॉनिक टिकट इश्यूइंग मशीन (ETIM) के माध्यम से आधे किराए पर टिकट जारी करेंगे। अभ्यर्थियों को यह टिकट चाइल्ड टिकट श्रेणी के अंतर्गत उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि परिचालकों को प्रत्येक परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र की एक प्रति सुरक्षित रखनी होगी। साथ ही वेबिल के पीछे अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर, यात्रा मार्ग, टिकट राशि और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जा सके।निगम की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी कारणवश ईटीआईएम मशीन से रियायती टिकट जारी नहीं हो पाता है, तो डिपो प्रभारी अथवा केंद्र प्रभारी की अनुमति लेकर मैनुअल टिकट जारी किया जा सकेगा। ऐसी स्थिति में परिचालक ब्लैंक टिकट बुक का उपयोग करेंगे और यात्रा से संबंधित सभी जानकारियां मार्ग पत्र में दर्ज करेंगे।परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि नीट यूजी 2026 परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 20 और 21 जून को प्रदेशभर की रोडवेज बसों में आधे किराए पर यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। इससे विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनकी यात्रा आसान होगी।उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आर्थिक या परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

कोई टिप्पणी नहीं