ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर में राजस्व निरीक्षक 12 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार


सुल्तानपुर जिले की लंभुआ तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) राजितराम को अयोध्या एंटी करप्शन टीम ने शनिवार को 12 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामला लंभुआ तहसील से संबंधित है। मणिकापुर परासिन निवासी अजय कुमार ने अपनी जमीन के सीमांकन (पैमाइश) की आख्या भेजने के लिए धारा 24 के तहत आवेदन किया था। आरोप है कि राजस्व निरीक्षक राजितराम इस कार्य के लिए ₹12,000 की रिश्वत की मांग कर रहे थे। अजय कुमार ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए अयोध्या मंडल की एंटी करप्शन टीम से शिकायत की।शिकायत के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन, अयोध्या मंडल के निरीक्षक और ट्रैप टीम प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। योजना के तहत, शनिवार को सुल्तानपुर शहर के डाकखाना चौराहे से गोसाईगंज रोड पर स्थित मिश्रा साहित्य निकेतन दुकान के सामने राजितराम ने अजय कुमार से ₹12,000 की रिश्वत ली। इसी दौरान पहले से मुस्तैद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम ने उनके पास से केमिकल लगे रिश्वत के नोट बरामद किए।एंटी करप्शन टीम आरोपी कानूनगो राजितराम को गोसाईगंज ले गई, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विधिक कार्रवाई जारी है और इसकी विवेचना अयोध्या इकाई के निरीक्षक हरिओम मिश्र को सौंपी गई है।उल्लेखनीय है कि राजितराम शर्मा को इससे पहले 13 दिसंबर 2023 को भी कादीपुर तहसील में कानूनगो रहते हुए अयोध्या एंटी-करप्शन टीम ने ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। वह गिरफ्तारी कादीपुर के शास्त्रीनगर निवासी शैलेंद्र उपाध्याय (भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष) की शिकायत पर हुई थी।

कोई टिप्पणी नहीं