ब्रेकिंग न्यूज

केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सुलतानपुर में प्राकृतिक खेती कार्यशाला, विकास प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित


सुलतानपुर केन्द्र सरकार के विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सुलतानपुर स्थित पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार परिसर में कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला, विकास प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और किसानों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने कृषि विभाग से संबंधित विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में कृषि रक्षा, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, इफको, कृभको, मत्स्य, गन्ना, जल जीवन मिशन, डेयरी एवं स्वास्थ्य विभाग सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों और आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कृषि विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।इस अवसर पर प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील कृषकों को अंगवस्त्र एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित किसानों में कादीपुर के प्रशान्त वर्मा, जजरही के राजेन्द्र सिंह, बीबीपुर रेहती के बब्बन यादव, बबुरी के संतप्रसाद तिवारी तथा परशुरामपुर के अशोक वर्मा प्रमुख रहे।अपने संबोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने प्राकृतिक खेती को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए किसानों से रसायनमुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र के सतत विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना जरूरी है।कार्यशाला में प्राकृतिक खेती अपनाने वाले प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और अन्य किसानों को इसके लाभ एवं व्यवहारिक पक्षों की जानकारी दी। वहीं कृषि रक्षा, उद्यान, गन्ना, डेयरी, सिंचाई, पशुपालन, नलकूप एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने किसानों के लिए संचालित योजनाओं, अनुदानों और तकनीकी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।सांस्कृतिक सत्र में संस्कृति विभाग से पंजीकृत कलाकार जय नारायण एवं उनकी टीम तथा हरिप्रसाद एवं उनकी टीम ने लोकगीतों और कृषि विकास गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने गीतों के माध्यम से केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भी किसानों ने अवलोकन किया और उसकी सराहना की। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा, जहां बड़ी संख्या में किसानों ने सेल्फी लेकर उत्साह व्यक्त किया।कार्यक्रम में किसानों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही तथा प्राकृतिक खेती और कृषि विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा की गई।

कोई टिप्पणी नहीं