थाने में पुलिस निगरानी में बंटे गैस सिलेंडर, गैस एजेंसी पर कालाबाजारी, अनियमितता के आरोपों के बाद बदली व्यवस्था
सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थाने से रविवार को गैस सिलेंडर वितरण का एक वीडियो सामने आया है। कमला गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को पुलिस की निगरानी में सिलेंडर दिए जा रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच भारी भीड़ के कारण पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।कुड़वार बाजार में संचालित कमला गैस एजेंसी पर शुक्रवार से ही हंगामा चल रहा था। उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर मनमानी और कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया था। उनका आरोप था कि गैस वितरण में अनियमितता बरती जा रही है और समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं।
जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सूचना मिलने पर कुड़वार थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत कराकर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद शनिवार को उपभोक्ताओं ने सुल्तानपुर-हलियापुर मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने फिर मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सदर उत्तम तिवारी, सीओ नगर सौरभ सामंत और जिलापूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य ने कमला इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गोदाम में स्टॉक का मिलान किया, जिसमें सब कुछ सही पाया गया।अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि नया लोड आते ही उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर का वितरण सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम सदर उत्तम तिवारी ने बताया कि गैस एजेंसी पर लोड अधिक होने के कारण यह अव्यवस्था सामने आई है। रविवार सुबह से कुड़वार थाने में उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पुलिस की मौजूदगी में एजेंसी कर्मचारियों द्वारा कागजात की जांच के बाद सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के लिए सीओ सिटी और एसडीएम सदर के आदेश पर थाने परिसर में यह व्यवस्था की गई है। सभी पंजीकृत उपभोक्ताओं को दस्तावेज सत्यापन के बाद ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक 342 सिलेंडरों का वितरण किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं