सुल्तानपुर महाराणा प्रताप जयंती पर क्षत्रिय शिक्षा समिति करेगी भव्य आयोजन
सुलतानपुर वीरता स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती पर शनिवार नौ मई को क्षत्रिय शिक्षा समिति भव्य आयोजन करेगी। यह जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष एडवोकेट संजय सिंह ने बताया कि एमजीएस चौराहे के पास स्थित क्षत्रिय भवन सभागार में इस अवसर पर दिनभर विभिन्न कार्यक्रम होंगे । सुबह आठ बजे महाराणा प्रताप की मूर्ति पर माल्यार्पण से समारोह की शुरुआत होगी । उसके बाद शोभायात्रा निकलेगी जो नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए वापस क्षत्रिय भवन पहुंचेगी । शोभायात्रा में विशिष्ट नागरिकों के साथ साथ एनसीसी, रोवर्स रेंजर्स और एन एस एस के विद्यार्थी शामिल रहेंगे। दोपहर बारह बजे वीर वधू सम्मान होगा जिसमें देश के लिए बलिदान देने वाले जनपद निवासी सैनिकों की विधवाओं अथवा माता को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद एक बजे से महाराणा प्रताप के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित गोष्ठी होगी । मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद संजय सिंह व मुख्य वक्ता यूपी बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष प्रशांत सिंह अटल होंगे। सायं चार बजे से वरिष्ठ साहित्यकार मथुरा प्रसाद सिंह जटायु के संयोजन में कवि सम्मेलन होगा जिसमें देश के चर्चित कवि काव्यपाठ करेंगे। आयोजन स्थल पर सभी आगंतुकों के लिए दोपहर व रात्रि भोजन की व्यवस्था रहेगी । मीडिया प्रभारी असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी है। महाराणा प्रताप जयंती क्षत्रिय शिक्षा समिति द्वारा स्थापित राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय का स्थापना दिवस भी है। समिति द्वारा संचालित महात्मा गांधी स्मारक इंटर कालेज, धनंजय सिंह मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल व राणा प्रताप विधि महाविद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य ,सभी शिक्षक ,कर्मचारी व समाज के अन्य विशिष्ट जन आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। आयोजकों ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महाराणा प्रताप जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं