ब्रेकिंग न्यूज

आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से जनहानि पर सख्त रुख: सीएम योगी ने दिए त्वरित राहत व बचाव के निर्देश


लखनऊ प्रदेश में आंधी, अति वर्षा और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि घायलों को तत्काल और समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।मुख्यमंत्री योगी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जनहानि, पशुहानि और घायलों को अनुमन्य राहत राशि 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी ने सभी जिलाधिकारियों को फील्ड में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने और आवश्यक संसाधनों के लिए शासन से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत टीमें सक्रिय हैं और आपात स्थितियों से निपटने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें और खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहें।

कोई टिप्पणी नहीं