डीएम की अध्यक्षता में डीजल, पेट्रोल एवं गैस आपूर्ति/उपलब्धता के संबंध में समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डीजल, पेट्रोल एवं घरेलू गैस सिलेण्डरों की निर्बाध आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जनपद में ईंधन एवं गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं विक्रय प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), जिला पूर्ति अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न एल०पी०जी० कंपनियों एवं पेट्रोल पम्पों के विक्रय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विक्रय अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में डीजल, पेट्रोल एवं गैस सिलेण्डरों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है तथा कहीं भी किसी प्रकार की कमी अथवा आपूर्ति बाधित होने की स्थिति नहीं है।बैठक में यह भी बताया गया कि संबंधित विक्रय अधिकारी एवं आपूर्ति एजेंसियाँ लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर उपभोक्ताओं को आवश्यकतानुसार डीजल, पेट्रोल एवं गैस सिलेण्डरों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही हैं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनसामान्य की आवश्यकताओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पेट्रोल पम्पों एवं गैस एजेंसियों पर नियमित निगरानी बनाए रखी जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुविधा के दृष्टिगत जिला पूर्ति कार्यालय सुलतानपुर में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। यदि किसी उपभोक्ता को गैस सिलेण्डर, डीजल अथवा पेट्रोल प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वह कंट्रोल रूम के मोबाइल नम्बर 9120098526, 7800900041 एवं 9696282871 पर संपर्क कर तत्काल सहायता एवं समस्या का समाधान प्राप्त कर सकता है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता के अनुरूप ही ईंधन एवं गैस की खरीद करें। प्रशासन द्वारा जनपद में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं