सुल्तानपुर में 32 हजार की लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल
सुल्तानपुर जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में माइक्रोफाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुई ₹32 हजार की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने लूट में प्रयुक्त बाइक और लूट की रकम भी बरामद कर ली है।अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायन सिंह ने बताया कि 7 मई 2026 को शाम करीब 6 बजे थाना कोतवाली नगर में सूचना मिली थी कि माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कलेक्शन का कार्य करने वाले रामकृष्ण विश्वकर्मा पुत्र रामाश्रय विश्वकर्मा से तमंचे के बल पर ₹32 हजार लूट लिए गए हैं। पीड़ित कलेक्शन कर वापस लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीमों का गठन कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।एएसपी ने बताया कि 9 मई की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल कुछ बदमाश लूट के पैसे का बंटवारा करने के लिए इकट्ठा हुए हैं। सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस और जनपदीय क्राइम ब्रांच SOG की टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों की घेराबंदी की।पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश प्रतीक भारती पुत्र रामकृपाल भारती निवासी लम्भुआ के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त बाइक, अवैध हथियार तथा लूट की रकम में से ₹24,500 बरामद किए गए हैं।पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि बरामद पैसे उसी लूट की रकम का हिस्सा हैं और वे आपस में उसका बंटवारा करने के लिए एकत्र हुए थे। पुलिस अन्य विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं