जयसिंहपुर में पुलिस मुठभेड़: ₹25 हजार का इनामी गोतस्कर घायल , गिरफ्तार
सुल्तानपुर थाना जयसिंहपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गोतस्कर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए बीरसिंहपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि 19/20 मई की रात लगभग 1:15 बजे थाना जयसिंहपुर पुलिस अंबेडकर नगर से सेमरी रोड पर हालापुर के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक तेज रफ्तार में आया और पुलिस के रुकने के संकेत के बावजूद बैरियर तोड़ते हुए आगे निकल गया।पुलिस को वाहन संदिग्ध लगने पर टीम ने ट्रक का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर ट्रक में सवार व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद यादव पुत्र राजनारायण यादव निवासी ग्राम ख्वाजापुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें तीन गोकशी के मामले शामिल हैं। वह गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में भी वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ दिन पहले थाना जयसिंहपुर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में भी उसकी संलिप्तता पाई गई थी। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पकड़े गए ट्रक का इस्तेमाल गोकशी की घटनाओं में करता था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए 100 बेड अस्पताल बीरसिंहपुर भेजा गया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मौके पर कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं