डीएम व एसपी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित
सुलतानपुर आगामी त्योहारों गंगा दशहरा मेला एवं ईदुज्जुहा (बकरीद) को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम की संयुक्त अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष तथा पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने आगामी त्योहारों को लेकर थानावार एवं तहसीलवार आयोजित पीस कमेटी बैठकों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी।
साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं तथा कानून व्यवस्था सहित विभिन्न आधारभूत व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।समस्त थानाध्यक्षों ने आश्वस्त किया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा। मेला स्थलों एवं अन्य प्रमुख स्थानों का चिन्हांकन कर साफ-सफाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित एसडीएम एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी मेला स्थल, सार्वजनिक कुर्बानी स्थल तथा जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण करें और समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।एसपी ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली खबरों से बचें तथा किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके।बैठक के अंत में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को चिन्हित कर लिया गया है और संबंधित विभागों को समय पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल तथा चिकित्सकीय सुविधाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने मेला स्थल, सार्वजनिक कुर्बानी स्थलों, जुलूस मार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।उन्होंने सभी धर्मगुरुओं एवं नागरिकों से अपील की कि आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराएं। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं