जनगणना-2027 का शुभारंभ, सीएम योगी बोले- ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’
7 मई से 21 मई तक मिलेगा स्वगणना का विकल्प
मुख्यमंत्रीयोगी ने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश में पहली बार डिजिटल जनगणना कराई जा रही है। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। आमजन को 7 मई से 21 मई 2026 तक स्वगणना का विकल्प उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।इसके बाद फील्ड कार्य के अंतर्गत जनगणना कार्मिक घर-घर जाकर सूचीकरण का कार्य करेंगे। दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी।
जनगणना में पहली बार होगी जातीय गणना
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार जनगणना में जातीय गणना को भी शामिल किया गया है। साथ ही पहली बार वन ग्रामों को भी जनगणना प्रक्रिया में सम्मिलित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित बनाया गया है।इसके लिए एक विशेष जनगणना पोर्टल विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से ग्राम और वार्ड स्तर तक कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।
उत्तर प्रदेश में 25.70 करोड़ आबादी का अनुमान
मुख्यमंत्री के अनुसार उत्तर प्रदेश की वर्तमान अनुमानित जनसंख्या लगभग 25 करोड़ 70 लाख है। जनगणना कार्य प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जनपदों, 350 तहसीलों, 17 नगर निगमों, 745 अन्य नगरीय निकायों, 21 छावनी परिषदों, 57,694 ग्राम पंचायतों तथा लगभग 1.04 लाख राजस्व ग्रामों में संपादित किया जाएगा।
जनगणना कार्य में तैनात होंगे 5.47 लाख कार्मिक
इस व्यापक अभियान के सफल संचालन के लिए लगभग 5.47 लाख कार्मिकों की तैनाती की जा रही है। इनमें 4.50 लाख प्रगणक, 85 हजार सुपरवाइजर तथा 12 हजार राज्य एवं जनपद स्तरीय अधिकारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 5.35 लाख कार्मिकों को दोनों चरणों के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
प्रदेशवासियों से की सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व मानते हुए सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति केवल एक ही स्थान पर अपनी गणना कराए तथा सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराए, ताकि विकास योजनाओं की सटीक एवं प्रभावी रूपरेखा तैयार की जा सके।कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को शुभकामनाएं दीं।

कोई टिप्पणी नहीं