ब्रेकिंग न्यूज

UP में पुलिस भर्ती का बड़ा अभियान: CM योगी ने युवाओं को दिया उत्साहवर्धक संदेश, इस साल लगभग 1 लाख नई भर्तियाँ होंगी


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के युवाओं को बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि योग्य, क्षमतावान और स्वतःस्फूर्त भाव रखने वाले नौजवान यूपी पुलिस का हिस्सा बनना चाहते हैं। इसके लिए भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा।उप्र पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष लगभग एक लाख नई भर्तियाँ करने जा रहा है। पिछले तीन दिनों में यूपी होमगार्ड में 41 हजार भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई। सिविल पुलिस, एसआई, होमगार्ड आदि की भर्ती प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है।

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 936 प्रधान परिचालक/प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नियुक्ति पत्र वितरित किए। सीएम योगी ने सफल अभ्यर्थियों से कहा कि सभी चाहते थे कि भर्ती ईमानदारी से हो, और डबल इंजन सरकार ने ऐसा माहौल बनाया है कि भर्ती निष्पक्ष और ईमानदारी से संपन्न हुई।उन्होंने कहा कि अब युवाओं का दायित्व है कि वे साफ नीयत, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ यूपी पुलिस के माध्यम से राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाएँ। सीएम योगी ने बताया कि जिस निष्पक्षता से पुलिस भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई, वह 9 वर्ष पहले संभव नहीं थी। पहले भर्ती प्रक्रिया में लेन-देन और भेदभाव होता था, लेकिन अब केवल योग्यता, क्षमता और आरक्षण नियमों का पालन करते हुए निष्पक्ष भर्ती होती है।प्रदेश में ऐसा वातावरण तैयार किया गया है कि यदि क्षमता है तो आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। कभी बीमारू राज्य रहा उत्तर प्रदेश अब सामूहिक प्रयास के माध्यम से भारत के विकास में योगदान दे रहा है।पिछले 9 वर्षों में यूपी पुलिस में 2.20 लाख से अधिक कार्मिकों की भर्ती हुई है, जबकि देश के कई राज्यों में पुलिस की कुल स्ट्रेंथ इतनी भी नहीं है। सीएम ने नवचयनितों को प्रेरित करते हुए कहा कि अब उन्हें देश की सबसे बड़ी सिविल पुलिस और दूरसंचार शाखा के माध्यम से 25 करोड़ की आबादी की सेवा करने का अवसर मिला है।


कोई टिप्पणी नहीं