अपने पैतृक गांव पहुंचे सीएम योगी का दिखा अलग अंदाज
उत्तराखंड के यमकेश्वर क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ग्रामीणों ने भव्य और आत्मीय स्वागत किया। गांव में उनके आगमन पर सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा। ऋषिकेश, नरेंद्र नगर, कोटद्वार, देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों से आए प्रशंसक, रिश्तेदार, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री योगी से मिलने के लिए उनके आवास के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।कई लोग अपने मित्रों और परिजनों को भी मुख्यमंत्री योगी से मिलवाने पंचूर पहुंचे थे।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी गांव भ्रमण पर निकले तो रास्ते में मिलने वाले बच्चों और ग्रामीणों से बेहद स्नेहपूर्वक मिले। छोटे-बड़े बच्चों को दुलारते हुए उन्होंने सभी से बातचीत की और फोटो भी खिंचवाई।इसी दौरान एक छोटा बच्चा फूल लेकर मुख्यमंत्री योगी के पास पहुंचा और उनके पैर छुए।इस पर योगी आदित्यनाथ ने बच्चे को चॉकलेट की एक पोटली भेंट की। बच्चा वह पोटली अपने दादा को देने लगा। जिस पर मुख्यमंत्री योगी ने मुस्कुराते हुए कहा हम भी तेरे दादा लगते हैं। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक और यादगार बन गया।2 दिवसीय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी ने जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर में नव निर्मित दोमंजिला कक्षा-कक्ष भवन का लोकार्पण किया और पंचूर गांव में निर्माणाधीन मंदिर का निरीक्षण भी किया। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों और बच्चों के साथ समय बिताया। शाम को अपनी माता से मुलाकात करने के बाद उन्होंने अपनी दोनों बहनों और वहां मौजूद लोगों को हाथ जोड़कर अभिवादन किया।


कोई टिप्पणी नहीं