एसपी ने थाना कुड़वार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सुल्तानपुर पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने थाना कुड़वार का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, कार्यालय अभिलेखों, मेस, थाना परिसर, हवालात तथा रिसेप्शन रूम का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा अपराध नियंत्रण संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर महिला संबंधित शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था एवं आगंतुकों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने साइबर हेल्प डेस्क का विधिवत उद्घाटन भी किया। उन्होंने निर्देशित किया कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बढ़ते डिजिटल लेन-देन के दौर में साइबर अपराध की रोकथाम और आमजन को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया दुरुपयोग जैसी घटनाओं के प्रति लोगों को सतर्क करें तथा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य न केवल अपराध नियंत्रण है, बल्कि जनता के बीच विश्वास कायम करना भी है।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं